परिसीमन से ओडिशा की हिस्सेदारी 3.9% से घटकर 3.4% हो जाएगी- नवीन पटनायक
भुवनेश्वर । डेस्क: बीजू जनता दल के प्रमुख और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक (संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, 2026) को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है. पटनायक ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि यदि यह विधेयक वर्तमान स्वरूप में पारित होता है, तो ओडिशा देश का सबसे बड़ा नुकसान उठाने वाला राज्य बनेगा और राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो जाएगा.
उन्होंने मुख्यमंत्री से 48 घंटे के भीतर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का आग्रह किया है ताकि राज्य के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्प पारित किया जा सके.
नवीन पटनायक ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में लोकसभा की 543 सीटों में ओडिशा की हिस्सेदारी 21 सांसदों के साथ 3.9 प्रतिशत है.
नए विधेयक के तहत लोकसभा की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 850 होने की संभावना है, जिससे ओडिशा की सीटें तो 29 हो जाएंगी, लेकिन कुल सदन में राज्य की हिस्सेदारी घटकर मात्र 3.4 प्रतिशत रह जाएगी.
उन्होंने इसे उन राज्यों के साथ 'घोर अन्याय' बताया जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण और मानव पूंजी के विकास में बेहतर प्रदर्शन किया है.
पटनायक ने कहा कि यह कदम सहकारी संघवाद की भावना के खिलाफ है और इससे ओडिशा के भविष्य की पीढ़ियों का राजनीतिक प्रभाव कम हो जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक के प्रति अपनी पार्टी का पुराना समर्थन भी दोहराया.