शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रूसी सुरक्षा के बावजूद अमेरिका ने जब्त किए वेनेजुएला के दो तेल टैंकर

C

CG Khabar

07 जन. 2026, 07:38 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

वेनेजुएला तेल टैंकर
वेनेजुएला तेल टैंकर

नई दिल्ली । डेस्क: तेल का परिवहन कर रहे वेनेजुएला के दो जहाजों को अमेरिकी मेरीन कमांडो ने अपने कब्जे में ले लिया है. अटलांटिक और कैरिबियन सागर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के युद्धपोतों और पनडुब्बियों की सुरक्षा घेराबंदी को धता बताते हुए अमेरिकी मरीन कमांडो और तट रक्षकों ने तेल ले जा रहे दो जहाजों, 'बेला-1' और 'सोफिया' को अपने कब्जे में ले लिया है. वॉशिंगटन का दावा है कि ये दोनों जहाज अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर वेनेजुएला से तेल का परिवहन कर रहे थे. 


अमेरिकी यूरोपीय कमांड के अनुसार, 'बेला-1' टैंकर को आइसलैंड और स्कॉटलैंड के बीच समुद्र से पकड़ा गया, जबकि 'सोफिया' को कैरिबियन सागर में अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी द्वारा जब्त किया गया. इस सैन्य कार्रवाई के बाद रूस ने अपने नाविकों के साथ मानवीय व्यवहार करने और उन्हें तुरंत रिहा करने की मांग की है.


वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना सोमवार से ही 'बेला-1' का पीछा कर रही थी, जिसके जवाब में राष्ट्रपति पुतिन ने सुरक्षा के लिए रूसी युद्धपोत और पनडुब्बियां तैनात की थीं. 


इसके बावजूद, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश पर पेंटागन ने हेलीकॉप्टरों और विमानों की मदद से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. 


वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के कथित अपहरण की खबरों के बीच हुई इस ताजा घटना ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है. गौरतलब है कि 'बेला-1' पहले ईरान के लिए तेल परिवहन करता था और हाल ही में इस पर रूसी ध्वज लगाया गया था, जिसे अमेरिका ने अवैध गतिविधियों में लिप्त मानकर जब्त कर लिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP