दिल्ली: कोहरे और प्रदूषण से उड़ानें थमीं, PM मोदी और मेसी भी फंसे
नई दिल्ली । डेस्क: नई दिल्ली में घने कोहरे और भीषण प्रदूषण के कारण सोमवार सुबह जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. विजिबिलिटी लगभग शून्य होने से हवाई और रेल सेवाएं बाधित रहीं. दिल्ली एयरपोर्ट पर अब तक कम से कम 60 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 400 उड़ानें देरी से चल रही हैं. वहीं, दिल्ली डिवीजन में भी कम से कम 60 ट्रेनें विलंब से चल रही हैं.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगी है और एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को अपनी उड़ानों के परिवर्तित समय पर नज़र रखने की सलाह दी है.
इस कोहरे और प्रदूषण का असर अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर भी पड़ा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन देशों (जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान) की यात्रा भी प्रभावित हुई. कम दृश्यता के कारण उनकी उड़ान का समय सुबह 8:30 बजे से बदलकर 9:30 बजे किया गया.
सोमवार शाम को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी का एक कार्यक्रम होना है. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कोहरे के कारण मुंबई से मेसी की फ्लाइट भी देर से उड़ान भर रही है, जिसके चलते उनके कार्यक्रम के समय में देरी होने की संभावना है.
एक तरफ जहां घना कोहरा है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी की हवा अभी भी 'खतरनाक' बनी हुई है. प्रदूषण नियंत्रण के लिए उच्चतम स्तर के प्रतिबंध लागू होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार कई दिनों की तरह 450 के पार रहा. शीत ऋतु में प्रदूषण और घने कोहरे के मिश्रण से स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है.