दिल्ली की हवा 'जहरीली': AQI 400 पार, GRAP-2 लागू
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर फिर से खतरनाक तरीके से बढ़ गया है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, रविवार की सुबह वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई. पूरी राजधानी सुबह से ही घने स्मॉग की चादर में ढकी रही.
सुबह 7 बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 391 दर्ज किया गया, लेकिन कई इलाकों में यह 400 के आंकड़े को पार कर गया. गाजियाबाद के राजनगर में तो AQI 676 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया. इससे पहले बीते गुरुवार सुबह 8 बजे दिल्ली का समग्र AQI 271 था.
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, आनंद विहार में AQI 412, अलीपुर में 415 दर्ज किया गया. हालांकि, सबसे खराब स्थिति बावाना में रही, जहां AQI 436 दर्ज किया गया. चांदनी चौक, आरके पुरम और सोनिया विहार जैसे पॉश माने जाने वाले इलाकों में भी AQI 400 से ऊपर रहा.
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए राजधानी में पहले ही 'ग्रैप स्टेज-2' (GRAP Stage-II) लागू कर दिया गया है, जिसके तहत कई प्रतिबंध प्रभावी हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने शहर भर में पार्किंग शुल्क को दोगुना कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हो रहा है.
गौरतलब है कि दीपावली के बाद से दिल्ली की हवा लगातार 'खराब', 'बहुत खराब' और कभी-कभी 'गंभीर' श्रेणी के बीच बनी हुई है. मई महीने में दिल्ली सरकार ने प्रदूषण से निपटने के लिए कृत्रिम बारिश के पांच ट्रायल को मंजूरी दी थी और कानपुर आईआईटी के सहयोग से तीन प्रायोगिक परीक्षण भी किए, लेकिन ये प्रयास अभी तक प्रदूषण कम करने में कारगर साबित नहीं हुए हैं.
ग्रैप स्टेज-2 (GRAP Stage-II) लागू होने पर मुख्य रूप से ये प्रतिबंध लागू होते हैं-
*डीजल जनरेटर सेट (DG Sets) पर रोक (आवश्यक सेवाओं को छोड़कर).
*होटल और रेस्तरां में कोयला और जलावन की लकड़ी (तंदूर आदि) के उपयोग पर प्रतिबंध.
*प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर सख्ती, और कई जगह पार्किंग शुल्क दोगुना.
*सड़कों की मैकेनिकल सफाई और पानी का छिड़काव अनिवार्य.
*लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और खुले में कचरा जलाने से बचने की अपील.