रांजनांदगांव में लाखों का क्रिकेट सट्टा पकड़ाया
राजनांदगांव । डेस्क: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव पुलिस ने आईपीएल के दौरान सक्रिय एक हाईटेक ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. ग्राम खैरझिटी स्थित एक फॉर्म हाउस में चल रहे इस अवैध कारोबार पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर सात सट्टेबाजों को रंगे हाथ दबोचा, जबकि दो अन्य को भी मामले में आरोपी बनाया गया है.
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में हुई इस संयुक्त कार्रवाई में साइबर सेल और विभिन्न थानों की टीम ने मौके से 20.23 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की है.
जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी 'साईं ऐप' जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर गेंद और ओवर के आधार पर लाखों का दांव लगवा रहे थे.
पुलिस ने घटना स्थल से नौ मोबाइल फोन, लैपटॉप, सट्टा पट्टी के दस्तावेज और दो लग्जरी कारें (होंडा सिटी व प्रोन्स) जब्त की हैं.
बरामद सट्टा पट्टी के हिसाब में करीब 7.68 लाख रुपये का वित्तीय लेनदेन दर्ज पाया गया है.
कानूनी कार्रवाई को सख्त बनाते हुए पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और आईटी एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 के तहत संगठित अपराध का मामला भी दर्ज किया है.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नागपुर और राजनांदगांव के स्थानीय निवासी शामिल हैं, जिन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित लिंक खंगालने में जुटी है.