सीएम साय ने पीएम मोदी को बस्तर रोडमैप 2.0 की जानकारी दी
रायपुर । संवाददाता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार किए गए 'बस्तर रोडमैप 2.0' का विस्तृत खाका पेश किया. मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में 31 मार्च 2026 तक माओवाद के उन्मूलन के लक्ष्य में ऐतिहासिक सफलता मिली है.
अब बस्तर में शांति की बहाली के बाद राज्य सरकार का पूरा ध्यान विकास, रोजगार और स्थानीय युवाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित है.
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर रोडमैप 2.0 के तहत एग्रो-फॉरेस्ट सेक्टर, सिंचाई विस्तार और पर्यटन को प्राथमिकता दी जा रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष रूप से 'नियद नेल्ला नार' योजना की सफलता की सराहना की, जिसके माध्यम से धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं.
थर्ड पार्टी मूल्यांकन के अनुसार, इन क्षेत्रों के 93 प्रतिशत गांवों में स्कूल और 97 प्रतिशत गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं. साथ ही, 89 प्रतिशत ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी कि अब इस योजना का विस्तार कर इसमें बस्तर के 7 जिलों समेत गरियाबंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को भी शामिल किया जा रहा है.
क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी का निर्माण किया जा रहा है, जबकि गीदम में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो रही है.
आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से बस्तर के परिवारों की मासिक आय को अगले तीन वर्षों में 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है. अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बस्तर आने और विभिन्न विकास परियोजनाओं के भूमिपूजन का न्यौता भी दिया.