छत्तीसगढ़: 1 अप्रैल से महंगा होगा सफर, टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने प्रदेश के विभिन्न रूटों पर स्थित टोल नाकों की दरों में वृद्धि करने का फैसला लिया है.
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जारी नई गाइडलाइंस के अनुसार, बिलासपुर से रायपुर, कोरबा, रायगढ़ और अंबिकापुर की ओर जाने वाले यात्रियों को अब प्रति चक्कर 5 रुपये से लेकर 20 रुपये तक का अतिरिक्त भुगतान करना होगा. टोल की ये नई दरें 1 अप्रैल से प्रभावी हो जाएंगी.
NHAI के इस निर्णय का सबसे व्यापक असर बिलासपुर जिले के चार प्रमुख टोल बूथों भोजपुरी, मुढ़ीपार, पाराघाट और बगदेवा पर देखने को मिलेगा, जहां से रोजाना लगभग एक लाख गाड़ियां गुजरती हैं.
नोटिफिकेशन के मुताबिक, टोल दरों में 5 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है, जो वाहन के प्रकार और दूरी पर निर्भर करेगी.
हालांकि, रिंग रोड से गुजरने वाले निजी और हल्के कमर्शियल वाहनों को इस राहत दी गई है; वहां केवल भारी वाहनों के शुल्क में ही इजाफा किया गया है. इसके अलावा, स्थानीय पासधारकों के लिए पुरानी दरें ही लागू रहेंगी, जो स्थानीय निवासियों के लिए एक बड़ी राहत है.
लंबी दूरी की यात्रा के लिए सालाना पास बनवाने वाले उपभोक्ताओं पर भी महंगाई की मार पड़ी है. अब तक 3000 रुपये में बनने वाला वार्षिक पास 75 रुपये महंगा होकर 3075 रुपये का हो जाएगा.
अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव थोक मूल्य सूचकांक (WPI) और वार्षिक समीक्षा प्रक्रिया के तहत किया गया है. सड़क की लंबाई और उस पर उपलब्ध फ्लाईओवर या टनल जैसी आधुनिक सुविधाओं के आधार पर यह शुल्क तय होता है, जिसके चलते इस बार देशभर में लगभग 2.5% की औसत वृद्धि दर्ज की गई है.