छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स शुरू हुआ
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में बुधवार को देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ की आधिकारिक घोषणा की. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया उपस्थित रहे.
यह आयोजन 25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर, बस्तर और सरगुजा में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लगभग 2500 खिलाड़ी 9 अलग-अलग खेल विधाओं में अपना कौशल दिखा रहे हैं. कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की और ओलंपिक पदक विजेता साइखोम मीराबाई चानू ने भी शिरकत की.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को नया आसमान देने और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि राज्य में 'मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन' के तहत 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है.
साय ने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा ओलंपिक की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि जनजातीय समाज में खेलों के प्रति भारी उत्साह है. उन्होंने यह भी बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली भी 'नुआबाट' (नई राह) के जरिए मुख्यधारा में लौटकर इन खेलों का हिस्सा बने हैं, जो क्षेत्र में आ रहे सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है.
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए 3 करोड़ रुपए तक की पुरस्कार राशि निर्धारित की है.
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ से इन खेलों की शुरुआत को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'फिट इंडिया' और 'खेलो इंडिया' जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति का विस्तार हुआ है.
मांडविया के अनुसार, अब खेल प्रतिभाएं केवल शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सुदूर जनजातीय क्षेत्रों से भी निखरकर सामने आ रही हैं. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित अन्य गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे. यह आयोजन जनजातीय शौर्य, संस्कृति और खेल प्रतिभाओं के संगम के रूप में देखा जा रहा है.