छत्तीसगढ़ में प्रवासी मजदूरों को मिलेगा 5 किलो का LPG
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में रह रहे प्रवासी श्रमिकों को 5 किलो वाले 'फ्री ट्रेड' एलपीजी (गैस) सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे. खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस योजना के क्रियान्वयन के लिए सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं.
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह सिलेंडर संबंधित एलपीजी वितरकों के माध्यम से वितरित किए जाएंगे. सिलेंडर प्राप्त करने के लिए पात्र मजदूरों को अपनी पहचान के तौर पर आधार कार्ड और श्रम विभाग द्वारा जारी अपना पंजीयन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा.
दस्तावेजों के सही पाए जाने पर हितग्राहियों को नया कनेक्शन और रिफिल सिलेंडर की सुविधा प्रदान की जाएगी.
योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं. गैस वितरकों को हर दिन स्टॉक और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड रखना होगा, जिसका प्रशासन समय-समय पर निरीक्षण करेगा.
इसके साथ ही, कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय स्तर पर मीडिया के माध्यम से इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक प्रवासी मजदूर इस सुविधा का लाभ उठा सकें. शासन ने सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी कड़ी निगरानी रखने को कहा है.