कोरबा: केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का महिला कांग्रेस ने पुतला फूंका
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ राजनीतिक माहौल गर्मा गया. शहर के टीपी नगर चौक पर बड़ी संख्या में एकत्रित महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की.
इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य कारण हाल ही में चर्चा में आई 'एपस्टीन फाइल्स' में हरदीप सिंह पुरी का नाम कथित तौर पर सामने आना है. प्रदर्शनकारियों ने इसे नैतिकता का गंभीर प्रश्न बताते हुए मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की है.
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने विरोध का नेतृत्व करते हुए कहा कि एक ऐसे संवेदनशील मामले में केंद्रीय मंत्री का नाम आना बेहद चिंताजनक है, इसलिए उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.
वहीं, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभा तंवर ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए उनसे जवाबदेही तय करने का आग्रह किया. प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि साल 2014 से 2017 के बीच केंद्रीय मंत्री और कुख्यात अपराधी जेफरी एपस्टीन के मध्य दर्जनों बार ईमेल का आदान-प्रदान हुआ, जो जांच का विषय है.
इस दौरान कटघोरा के पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर समेत संगठन के कई दिग्गज पदाधिकारियों और पार्षदों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा.
वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि सत्ता पक्ष को ऐसे गंभीर आरोपों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने भ्रष्टाचार और अनैतिकता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की. कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी भी दी गई.