रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: जबलपुर-रायपुर मार्ग होगा अब पूरी तरह 4-लेन

C

CG Khabar

02 मार्च 2026, 01:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

नितिन-गडकरी-विजय शर्मा
नितिन-गडकरी-विजय शर्मा

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नागपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य की सड़क कनेक्टिविटी को लेकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. इस मुलाकात में विजय शर्मा ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के धवईपानी (चिल्फी) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक के लगभग 122 किलोमीटर लंबे हिस्से को 4-लेन में अपग्रेड करने और कवर्धा बायपास के निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसे केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है.


विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि जबलपुर से चिल्फी तक के 160 किलोमीटर हिस्से को पहले ही 4-लेन की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन चिल्फी से सिमगा तक का मार्ग वर्तमान में केवल 2-लेन का है. जबलपुर-मंडला-चिल्फी सेक्शन के 4-लेन बन जाने के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ जाएगा. 

विज्ञापन


भारी वाहनों और व्यावसायिक आवागमन को देखते हुए लोक सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए इस पूरे खंड का चौड़ीकरण अनिवार्य हो गया है. इसके साथ ही कवर्धा शहर के भीतर दुर्घटनाओं को रोकने और भारी ट्रैफिक को बाहर निकालने के लिए 4-लेन बायपास की मांग भी प्रमुखता से रखी गई.


रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए विजय शर्मा ने बताया कि सिमगा से रायपुर और धवईपानी से जबलपुर तक का काम पहले ही तय हो चुका था, लेकिन बीच का यह हिस्सा शेष था. 


अब नितिन गडकरी की सहमति के बाद जबलपुर से रायपुर तक का पूरा सफर निर्बाध 4-लेन मार्ग पर तय किया जा सकेगा. उपमुख्यमंत्री ने इस त्वरित निर्णय के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और जनसुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम बताया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP