RTE के तहत प्रवेश की प्रक्रिया में देरी पर HC का कड़ा रुख
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत पहली कक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया में हो रही भारी देरी पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. प्रदेश में 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक हजारों गरीब बच्चों के आवेदनों का सत्यापन तक नहीं हो पाया है.
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए गैर-कार्य दिवस पर विशेष सुनवाई की और मामले में स्वतः संज्ञान लिया. अदालत ने राज्य शासन को इस अव्यवस्था पर फटकार लगाते हुए विस्तृत जवाब तलब किया है.
पूरा मामला 'हरिभूमि' समाचार पत्र में 4 अप्रैल 2026 को प्रकाशित उस रिपोर्ट से जुड़ा है, जिसमें बताया गया था कि प्रदेश भर में आरटीई के तहत आए कुल 38,438 आवेदनों में से केवल 23,766 का ही सत्यापन हो सका है.
रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 16,000 से अधिक आवेदन अब भी नोडल अधिकारियों के पास लंबित हैं. कई जिलों में तो सत्यापन की दर 10 प्रतिशत से भी कम है.
हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा पंजीकरण और सत्यापन के लिए 16 फरवरी से 31 मार्च तक का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी काम अधूरा है.
अदालत ने चिंता जताई कि सत्यापन में देरी के कारण 13 से 17 अप्रैल के बीच होने वाली लॉटरी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, जिससे अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
विशेष सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता और राज्य सरकार के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव को एक अतिरिक्त हलफनामा पेश करने का निर्देश दिया है.
इस हलफनामे में सरकार को स्पष्ट करना होगा कि सत्यापन प्रक्रिया में देरी के पीछे क्या कारण हैं और इसे सुधारने के लिए क्या तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं.
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि गरीब बच्चों के भविष्य से जुड़ा यह मामला अत्यंत गंभीर है, इसलिए इस पर तत्काल कार्रवाई आवश्यक है. मामले की अगली सुनवाई अब 8 अप्रैल 2026 को निर्धारित की गई है, जिसमें सरकार को अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी.