बालिग लड़की की रजामंदी से बने संबंध 'रेप' नहीं: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के एक मामले में महत्वपूर्ण कानूनी व्याख्या करते हुए आरोपी को बड़ी राहत दी है. न्यायमूर्ति एन.के. व्यास की एकल पीठ ने स्पष्ट किया कि यदि कोई बालिग महिला अपनी मर्जी और समझदारी के साथ शारीरिक संबंध बनाती है, तो उसे केवल शादी का वादा टूटने के आधार पर बलात्कार की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता.
इस फैसले के साथ ही सरगुजा जिले के एक व्यक्ति को दो दशक से चल रहे अदालती प्रकरण से मुक्ति मिल गई है.
यह विवाद साल 2000 में शुरू हुआ था, जब सरगुजा में पढ़ाई के दौरान एक युवती और युवक लीना राम ध्रुव के बीच प्रेम संबंध बने. युवती का आरोप था कि युवक ने शादी का झांसा देकर तीन साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसे अपनी पत्नी की तरह साथ रखा, लेकिन बाद में वह शादी से मुकर गया और गायब हो गया.
इस शिकायत पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया था और 2005 में अंबिकापुर की निचली अदालत ने उसे दोषी मानते हुए सात साल के कारावास की सजा सुनाई थी.
दोषसिद्धि के खिलाफ युवक ने हाईकोर्ट में अपील दायर की.
मामले की विस्तृत सुनवाई के बाद उच्च न्यायालय ने पाया कि घटना के समय पीड़िता की उम्र 26 वर्ष थी और वह शिक्षित थी.
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि पीड़िता को अपने कृत्यों के परिणामों की पूरी जानकारी थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि संबंध आपसी सहमति पर आधारित थे.
अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में विफल रहा कि युवक का इरादा शुरुआत से ही धोखा देने का था. निचली अदालत के फैसले को त्रुटिपूर्ण बताते हुए हाईकोर्ट ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से दोषमुक्त कर दिया है.