HC: मेडिकल बोर्ड ही तय कर सकता है विकलांगता प्रमाण पत्र की वैधता
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के विकलांगता प्रमाण पत्र की वैधता की जांच केवल सक्षम मेडिकल बोर्ड ही कर सकता है. कोर्ट ने महासमुंद जिले के एक सहायक शिक्षक के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों और आपराधिक कार्रवाई की सिफारिश करने वाले एसडीओ के आदेश को रद्द कर दिया है.
न्यायमूर्ति अमितेन्द्र किशोर प्रसाद की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि राजस्व अधिकारियों के पास मेडिकल विशेषज्ञता नहीं होती और न ही उनके पास मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी प्रमाण पत्र को अमान्य करने का वैधानिक अधिकार है.
कोर्ट ने कहा कि यदि किसी प्रमाण पत्र की सत्यता पर संदेह है, तो इसकी जांच 'दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016' की धारा 52 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार केवल विशेषज्ञ मेडिकल बोर्ड द्वारा ही की जानी चाहिए.
मामला महासमुंद के सहायक शिक्षक लाखन बिहारी पटेल से जुड़ा है, जिन्हें 2010 में 45.4% श्रवण दोष के आधार पर नियुक्त किया गया था.
पारिवारिक विवाद के बाद उनके भाई ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर एसडीओ ने 2020 में प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए कार्रवाई की सिफारिश की थी.
कोर्ट ने एसडीओ की जांच को त्रुटिपूर्ण बताते हुए कहा कि 2018 की रिपोर्ट के आधार पर 2010 के प्रमाण पत्र को फर्जी नहीं माना जा सकता, क्योंकि समय के साथ शारीरिक स्थिति में सुधार संभव है. अदालत ने अधिकारी को शिक्षक का मूल प्रमाण पत्र तुरंत लौटाने का निर्देश दिया है.