शुक्र, 06 नव. 2026

CGKhabar

झूठा केस और 7 साल का ट्रायल 'क्रूरता', छत्तीसगढ़ HC ने मंजूर किया तलाक

C

CG Khabar

10 मार्च 2026, 01:53 PM 4 मिनट में पढ़ें 10

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट

बिलासपुर । संवादाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने वैवाहिक विवादों और तलाक के मामलों में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि एक जीवनसाथी दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे लंबे समय तक आपराधिक मुकदमे का सामना करने के लिए मजबूर करता है और अंततः वे आरोप झूठे पाए जाते हैं, तो यह मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है. 


न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा की खंडपीठ ने बालोदबाजार के पारिवारिक न्यायालय के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसने पहले पति की तलाक की याचिका को खारिज कर दिया था. उच्च न्यायालय ने न केवल पति को मानसिक क्रूरता का शिकार माना, बल्कि सात वर्षों के अलगाव को देखते हुए परित्याग के आधार पर भी विवाह विच्छेद की डिक्री जारी कर दी है.

विज्ञापन


इस मामले की पृष्ठभूमि पर गौर करें तो पति-पत्नी का विवाह 15 फरवरी 2015 को हुआ था. पति का आरोप था कि शादी के महज 10-11 दिनों बाद ही पत्नी अपने मायके चली गई और फिर कभी वापस नहीं लौटी. पति ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी उस पर अपने वृद्ध और बीमार माता-पिता से अलग रहने का दबाव बना रही थी और ऐसा न करने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रही थी. 


विवाद तब और बढ़ गया जब पत्नी ने वर्ष 2018 में पति और उसके परिवार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए और छत्तीसगढ़ टोन्ही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई. पति का तर्क था कि बिना किसी ठोस आधार के सात साल तक आपराधिक मुकदमे की मार झेलना और समाज में अपनी प्रतिष्ठा को बचाने के लिए संघर्ष करना मानसिक प्रताड़ना की पराकाष्ठा है.


उच्च न्यायालय में सुनवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब अपील लंबित रहने के दौरान ही 16 जून 2025 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, भटगांव ने पति और उसके परिवार को सभी आरोपों से बरी कर दिया. पति ने इस बरी किए जाने के फैसले को अतिरिक्त साक्ष्य के रूप में रिकॉर्ड पर लेने के लिए आवेदन दिया. 


हालांकि, पत्नी के वकील ने इसका कड़ा विरोध किया और तर्क दिया कि चूंकि फैमिली कोर्ट एक्ट की धारा 10 के तहत सिविल प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) के आदेश 41 नियम 27 को स्पष्ट रूप से लागू नहीं किया गया है, इसलिए अपील के स्तर पर नए सबूत पेश नहीं किए जा सकते. साथ ही यह भी कहा गया कि बरी होने के खिलाफ अपील की जा सकती है, इसलिए इसे अंतिम नहीं माना जाना चाहिए.


अदालत ने इन कानूनी बारीकियों का गहराई से विश्लेषण किया. खंडपीठ ने माना कि हालांकि फैमिली कोर्ट एक्ट में स्पष्ट रूप से आदेश 41 का उल्लेख नहीं है, लेकिन एक अपीलीय अदालत के पास न्याय सुनिश्चित करने के लिए अंतर्निहित शक्तियां होती हैं. 'एक्स डेबिटो जस्टिसिया' के सिद्धांत का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि यदि कोई दस्तावेज मामले के न्यायपूर्ण निर्णय के लिए आवश्यक है और वह पहले से दिए गए तर्कों से संबंधित है, तो उसे स्वीकार किया जा सकता है. अदालत ने माना कि आपराधिक मामले में बरी होना इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि लगाए गए आरोप निराधार थे.


फैसले में यह रेखांकित किया गया कि एक निर्दोष व्यक्ति और उसके परिवार को 'टोन्ही' जैसे अपमानजनक आरोपों और दहेज प्रताड़ना के झूठे केस में सात साल तक अदालतों के चक्कर लगवाना उनके सम्मान और मानसिक शांति पर गहरा आघात है. 


अदालत ने सर्वोच्च न्यायालय के पुराने फैसलों का संदर्भ देते हुए कहा कि झूठी आपराधिक कार्यवाही शुरू करना 'क्रूरता' है, जो हिंदू विवाह अधिनियम के तहत तलाक का वैध आधार बनती है. इसके अतिरिक्त, अदालत ने पाया कि पत्नी जुलाई 2017 से बिना किसी उचित कारण के अलग रह रही थी और उसने काउंसलिंग के दौरान भी साथ रहने से इनकार कर दिया था, जो 'परित्याग' को सिद्ध करता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

एक दिन पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

एक दिन पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

5 दिन पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

2 सप्ताह पहले

नक्सली
छत्तीसगढ़ विशेष

समर्पण करने वाले नक्सलियों में क्यों मची है खलबली?

2 सप्ताह पहले

File Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ का महासमुंद बना गांजा तस्करी का मुख्य ट्रांजिट कॉरिडोर, 10 टन गांजा जब्त

2 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP