छत्तीसगढ़ HC: प्रभाकर ग्वाल की पत्नी प्रतिभा ग्वाल की शिकायत खारिज
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णय सुनाते हुए पूर्व न्यायिक अधिकारी प्रभाकर ग्वाल की पत्नी प्रतिभा ग्वाल द्वारा दर्ज कराई गई उस आपराधिक शिकायत को रद्द कर दिया है, जिसमें तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश नवीन सिन्हा और न्यायमूर्ति पी. दिवाकर सहित उच्चतर न्यायिक सेवा के कई अधिकारियों को आरोपी बनाया गया था.
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बिभु दत्त गुरु की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया कि यह शिकायत न केवल तथ्यों से परे है, बल्कि न्यायिक संस्था की अखंडता को धूमिल करने और प्रशासनिक शिकायतों को आपराधिक रंग देने का एक दुर्भावनापूर्ण प्रयास है.
न्यायालय ने कड़े शब्दों में कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों और न्यायिक अधिकारियों को बिना किसी ठोस आधार के आपराधिक कार्यवाही में घसीटना कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग है.
यह विवाद साल 2015-16 का है, जब रायपुर में तैनात तत्कालीन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रभाकर ग्वाल ने एक टोल प्लाजा पर कुछ लोगों द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उनकी पत्नी प्रतिभा ग्वाल ने 2016 में एक निजी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं की, क्योंकि इसके पीछे एक गहरी साजिश थी.
इस कथित साजिश में पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश नवीन सिन्हा, न्यायमूर्ति पी. दिवाकर और कई अन्य वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी शामिल थे. रायपुर के एक अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक साक्ष्य दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की थी, जिसके खिलाफ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल ने याचिका दायर कर कार्यवाही को रद्द करने की मांग की थी.
हाईकोर्ट की खंडपीठ ने अपने फैसले में पाया कि शिकायत में किसी भी संज्ञेय अपराध के होने का कोई ठोस विवरण मौजूद नहीं है. न्यायालय ने टिप्पणी की कि शिकायतकर्ता ने प्रशासनिक तबादलों, अनुशासनात्मक कार्यवाहियों और सेवा से बर्खास्तगी जैसी सेवा संबंधी शिकायतों को आपराधिक साजिश के रूप में पेश करने की कोशिश की है.
फैसले में कहा गया कि यदि इस तरह की शिकायतों को अनुमति दी जाती है, तो यह न केवल संबंधित व्यक्तियों के लिए अनावश्यक उत्पीड़न होगा, बल्कि इससे न्यायिक प्रणाली की कार्यप्रणाली पर भी बुरा असर पड़ेगा.
अदालत ने स्पष्ट किया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला बनाने के लिए दो या दो से अधिक व्यक्तियों के बीच अवैध कार्य करने की सहमति का होना अनिवार्य है, जबकि इस शिकायत में ऐसे कोई भी साक्ष्य या विशिष्ट आरोप नहीं थे जो इस तत्व की पुष्टि करते हों.
न्यायालय ने इस बात पर भी गौर किया कि शिकायत भले ही पत्नी द्वारा दर्ज की गई थी, लेकिन इसमें उठाए गए मुद्दे पूरी तरह से उनके पति प्रभाकर ग्वाल के आधिकारिक कामकाज और प्रशासनिक विवादों से जुड़े थे.
2005 में सेवा शुरू करने वाले ग्वाल को 2015 में रायपुर का एसीजेएम बनाया गया था, लेकिन आरोप है कि बिना अनुमति के विधायकों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने और बार-बार कारण बताओ नोटिस मिलने के बाद उन्हें 2016 में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था.
पिछले वर्ष सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी बर्खास्तगी के फैसले को बरकरार रखा था. हाईकोर्ट ने माना कि वर्तमान शिकायत केवल व्यक्तिगत कुंठा और बदले की भावना से प्रेरित लगती है, जो कानून के शासन के सिद्धांतों के विपरीत है.
वरिष्ठ अधिवक्ता एन.के. शुक्ला ने उच्च न्यायालय का पक्ष रखते हुए दलील दी थी कि केवल चार्जशीट दाखिल न होना किसी आपराधिक साजिश का आधार नहीं हो सकता. वहीं, शिकायतकर्ता की वकील ने इसे संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को बचाने की कोशिश बताया था, जिसे अदालत ने सिरे से खारिज कर दिया.
खंडपीठ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि मजिस्ट्रेट द्वारा साक्ष्य रिकॉर्ड करने का आदेश पूरी तरह त्रुटिहीन और कानून सम्मत नहीं था, इसलिए उसे निरस्त किया जाता है.
हालांकि, कोर्ट ने यह छूट दी है कि यदि शिकायत में अन्य गैर-न्यायिक व्यक्तियों के खिलाफ कोई मामला बनता है, तो उनके विरुद्ध कार्यवाही जारी रह सकती है. इस फैसले ने एक बार फिर यह स्थापित कर दिया है कि न्यायपालिका अपनी आंतरिक शुचिता और अधिकारियों की सुरक्षा के प्रति सजग है और किसी भी निराधार कानूनी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगी.