रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के सरकारी कॉलेजों में प्राध्यपकों की संख्या 0

छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ाने वालों का अभाव है तथा रहेगा

C

CG Khabar

10 मार्च 2026, 05:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

कॉलेज में छात्र
कॉलेज में छात्र

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में छात्रों को पढ़ाने वाले प्राध्यापकों की संख्या शून्य है, जबकि 780 पद स्वीकृत हैं. इसी तरह से सहायक प्राध्यापकों के 2903 पद रिक्त हैं तथा प्राचार्यों के भी 234 पद रिक्त हैं. इससे साफ हो जाता है कि शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ाने वालों की संख्या आश्चर्यजनक रूप से कम है तथा इनमें पढ़ने वाले छात्रों का भविष्य भी अंधकरामय है.


इतना ही ग्रंथपाल के 71 पद रिक्त हैं तो क्रीड़ा अधिकारियों के 79 पद रिक्त है. जाहिर है कि लाइब्रेरी का संचालन भी भगवान के भरोसे है तथा खेलकूद की संभावना भी कम है.

विज्ञापन


इसी कारण से छात्र निजी-महाविद्यालयों में जाने को प्राथमिकता देते हैं. दूसरे शब्दों में कहे तो सरकारी नीतियों के कारण छात्र, निजी-महाविद्यालयों की शरण लेने को मजबूर हैं क्योंकि जब पढ़ाने वाले ही नहीं हैं तो वहां पढ़ने कौन जाना चाहेगा.


छत्तीसगढ़ में संचालित शासकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य के 343 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 109 पद भरे हुये हैं तथा 234 पद खाली हैं. इसी तरह से प्राध्यापक के 780 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 0 पद भरे हुये हैं तथा 780 पद खाली हैं. सहायक प्राध्यापक के 5415 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 2903 पद भरे हुये हैं तथा 2512 पद खाली हैं.


इसी तरह से ग्रंथपाल के 220 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 71 पद भरे हुये हैं तथा 149 पद खाली हैं. क्रीड़ा अधिकारी के 214 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 79 पद भरे हुये हैं तथा 135 पद खाली हैं. सहायक ग्रेड -1 के 278 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 87 पद भरे हुये हैं तथा 191 पद खाली हैं.


छत्तीसगढ़ सरकार का कहना है कि प्राध्यापक के 595 पद, सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद तथा क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर सीधी भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है लेकिन समय सीमा बताने में वे असमर्थ हैं.


यदि ये भर्तियां हो जाती है तो भी प्राध्यापकों के 185 पद, सहायक प्राध्यापकों के 1887, ग्रंथपाल के 99 पद तथा क्रीड़ा अधिकारी के 110 पद खाली रह जायेंगे.


इसलिये यदि कहा जाये कि छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ाने वालों का अभाव है तथा बना रहेगा तो गलत न होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP