रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: जशपुर में जादू-टोने के शक में वृद्धा की हत्या

C

CG Khabar

05 अप्रै. 2026, 03:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

जशपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास की जड़ें इस कदर गहरी हैं कि शक ने 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान ले ली. बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम गितारीपानी में जादू-टोने के संदेह में एक युवक ने वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है.


घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार की रात मृतिका फूलमइत बाई अपने घर में सो रही थी. तभी गांव का ही 31 वर्षीय छंदनू राम लकड़ी का डंडा लेकर उसके घर में घुस आया. 

विज्ञापन


आरोपी ने सोती हुई वृद्धा के सिर और चेहरे पर डंडे से कई घातक प्रहार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने महिला का लहूलुहान शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई.


जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी छंदनू राम के बच्चे अक्सर बीमार रहते थे. आधुनिक इलाज कराने के बजाय आरोपी अंधविश्वास के जाल में फंस गया. उसे शक था कि फूलमइत बाई उसके परिवार पर 'टोना-टोटका' कर रही है, जिसके कारण उसके बच्चे स्वस्थ नहीं हो पा रहे हैं. 


इसी निराधार सनक में उसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया.


बगीचा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. 


एसडीओपी दिलीप कोसले ने बताया कि आरोपी छंदनू राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP