दुर्ग: भाजपा नेता के फॉर्म हाउस पर अफीम की खेती, पार्टी से निष्कासित
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध खेती का एक बड़ा मामला सामने आया है. समोदा गांव में भारतीय जनता पार्टी के नेता विनायक ताम्रकर के स्वामित्व वाले खेत में पुलिस ने बड़े पैमाने पर की जा रही अफीम की फसल को जब्त किया है.
ग्राम सरपंच की गुप्त सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो वहां लगभग चार से पांच एकड़ भूमि पर अफीम की लहलहाती फसल देख अधिकारी दंग रह गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम भी जांच के लिए पहुंच गई है.
पुलिस ने फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है, जिसके चलते भाजपा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नेता विनायक ताम्रकर को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है.
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी समोदा गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. मीडिया से मुखातिब होते हुए बघेल ने सत्ताधारी दल पर तीखे प्रहार किए.
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी नेता का रसूख इतना है कि सौ एकड़ से अधिक के इस फॉर्म हाउस में चारागाह की जमीन पर भी कब्जा किया गया है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि बड़े नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नजदीकी संबंधों के कारण ही इतने समय से इस अवैध कारोबार पर किसी की नजर नहीं पड़ी.
उन्होंने इस मामले को केवल एक खेत तक सीमित न मानकर पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की गहन जांच की मांग की है. बघेल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जो नशा पहले दूसरे राज्यों से आता था, अब उसका उत्पादन दुर्ग जैसे शांत जिले में होना प्रदेश के भविष्य के लिए एक गंभीर चेतावनी है.