छत्तीसगढ़ के सूखे नशे का गढ़ है राजधानी रायपुर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सूखे नशे का गढ़ है. यहां राज्य में साल 2024, 2025 एवं 15 फरवरी 2026 तक में सूखे नशे के सबसे ज्यादा प्रकरण दर्ज किये गये हैं. रायपुर में इस तरह के 605 मामले दर्ज किये गये हैं तथा 943 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 46 महिला अपराधी हैं.
रायपुर के बाद महासमुंद में सूखे नशे के 284 मामले दर्ज हैं तथा 578 को गिरफ्तार किया गया है. जिनमें से 28 महिलायें हैं.
इसके बाद दुर्ग में सूखे नशे के 249 मामले दर्ज किये गये हैं जिनमें 516 लोग गिरफ्तार हुये हैं. जिसमें से 55 महिलायें हैं. महिला अपराधियों के मामले में दुर्ग राज्य में पहले नंबर पर है. यहां राजधानी रायपुर से भी ज्यादा महिलायें सूखे नशे के मामले में गिरफ्तार हुई है.
दुर्ग के बाद सूखे नशे में नंबर आता है बिलासपुर का जहां 195 मामले दर्ज हैं तथा 318 गिरफ्तारी हुई है. इसमें से 45 महिला हैं.
इसके बाद जगदलपुर का नंबर आता है जहां 170 मामले दर्ज हुये हैं तथा 277 गिरफ्तारी हुई है जिनमें से 23 महिलायें है.
इन दो सालों में छत्तीसगढ़ में सूखे नशे के कुल 2506 प्रकरण दर्ज किये गये तथा 5048 लोग गिरफ्तार हुये जिनमें से 326 महिलायें हैं. गिरफ्तार हुये लोगों में महिलाओं का प्रतिशत लगभग 6.49% है.