छत्तीसगढ़: सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों पर 3 महीने तक रोक, जानें क्या है कारण
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के 5.5 लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अगले तीन महीनों तक छुट्टियों पर कड़ा प्रतिबंध लगा दिया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आगामी जनगणना कार्य और मुख्यमंत्री के प्रदेशव्यापी सुशासन अभियान (लोक सुराज) के सफल संचालन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि के दौरान कोई भी कर्मचारी सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना छुट्टी पर नहीं जा सकेगा. यदि कोई कर्मचारी बिना सूचना या बिना अनुमति के अनुपस्थित पाया जाता है, तो इसे अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा.
सरकार ने चेतावनी दी है कि ऐसी अनधिकृत अनुपस्थिति को 'सेवा में व्यवधान' (ब्रेक इन सर्विस) माना जा सकता है, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
यह निर्देश आकस्मिक अवकाश (CL) और अर्जित अवकाश (EL) सहित सभी प्रकार की छुट्टियों पर लागू होगा. आपातकालीन स्थिति में भी कर्मचारियों को फोन या डिजिटल माध्यम से अपने कार्यालय को पहले सूचित करना अनिवार्य होगा और ड्यूटी पर लौटने के बाद लिखित पुष्टि देनी होगी.
इसके अलावा, लंबी छुट्टी पर जाने से पहले कर्मचारियों को अपने कार्यों का प्रभार अन्य सहकर्मी को सौंपना होगा. शासन ने सभी विभागों, संभागायुक्तों और जिला कलेक्टरों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.