छत्तीसगढ़: अंबिकापुर में घर-घर फैला पीलिया, 42 लोग बीमार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में दूषित पेयजल की आपूर्ति ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की चिंता बढ़ा दी है. शहर में एक साथ 42 लोग पीलिया की चपेट में आ गए हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या बच्चों की है. इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है और प्रभावित इलाकों में घर-घर जाकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा सप्लाई किया जा रहा पानी पीने के बाद ही लोग बीमार पड़े हैं. इस शिकायत के बाद जब स्वास्थ्य विभाग ने पानी के नमूनों की जांच की, तो चौंकाने वाले नतीजे सामने आए.
कुल 10 नमूनों में से 4 नमूनों में ई-कोलाई (E. coli) बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है, जिसकी मात्रा 100 से अधिक पाई गई है. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि शहर में हो रही पानी की सप्लाई पूरी तरह शुद्ध नहीं है.
वर्तमान में अंबिकापुर को बांक नदी और अमृत मिशन योजना के तहत घुनघुट्टा नदी से पानी की आपूर्ति की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के इंजीनियरों ने पाइपलाइनों का निरीक्षण शुरू कर दिया है ताकि लीकेज या प्रदूषण के स्रोत का पता लगाया जा सके.
स्वास्थ्य विभाग रैंडम सैंपलिंग के जरिए यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है कि यह संक्रमण और न फैले. फिलहाल, प्रशासन ने नागरिकों से पानी उबालकर पीने की अपील की है.
Symbolic Photo