कांगेर घाटी नेशनल पार्क में अवैध निर्माण पर केंद्र सख्त
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित सुप्रसिद्ध कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में हो रहे पक्के निर्माण को लेकर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर कुटुमसर क्षेत्र (ग्रीन केव) में इको-टूरिज्म के नाम पर किए गए अवैध निर्माणों की जांच करने और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
यह मामला अधिवक्ता व्यास मुनि द्विवेदी की शिकायत के बाद गरमाया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वन संरक्षण अधिनियम (FCA), 1980 का उल्लंघन करते हुए नेशनल पार्क के भीतर 'वेलकम गेट' और 'सीमेंट की सीढ़ियों' का निर्माण किया गया है.
शिकायत में पीसीसीएफ (वन्यजीव) और कांगेर घाटी नेशनल पार्क के निदेशक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है, क्योंकि लगभग 48.45 लाख रुपये का बजट इन स्थायी निर्माणों के लिए कथित तौर पर नियमों को ताक पर रखकर जारी किया गया था.
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 2021 के दिशा-निर्देशों के अनुसार, वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण "गैर-वानिकी गतिविधि" की श्रेणी में आता है, जिसके लिए केंद्र की पूर्व अनुमति अनिवार्य है.
साथ ही, लखनऊ के बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान ने भी चेतावनी दी है कि बढ़ते पर्यटन और निर्माण गतिविधियों से निकलने वाली धूल और कंपन के कारण कुटुमसर की गुफाओं के पर्यावरण को अपूरणीय क्षति हो सकती है. केंद्र के इस हस्तक्षेप को देश के संरक्षित क्षेत्रों में "कंक्रीट इको-टूरिज्म" के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है.