सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बॉम्बे HC की विजय माल्या को कड़ी फटकार: 'भारत कब लौटोगे?'

C

CG Khabar

25 दिस. 2025, 02:52 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

विजय माल्या
विजय माल्या

मुंबई । डेस्क: बॉम्बे हाईकोर्ट ने भगोड़े कारोबारी विजय माल्या को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए पूछा है कि वह आखिर भारत कब वापस आने का इरादा रखते हैं. मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति गौतम अनखाद की पीठ ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक 70 वर्षीय माल्या भारतीय अदालत के अधिकार क्षेत्र (Jurisdiction) में खुद को पेश नहीं करते, तब तक 'भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम' (FEO Act) के खिलाफ उनकी याचिका पर कोई सुनवाई नहीं की जाएगी. 


अदालत ने माल्या के वकील अमित देसाई से यह भी साफ करने को कहा है कि वे अपनी दो याचिकाओं में से किसे आगे बढ़ाना चाहते हैं और किसे वापस लेना चाहते हैं. इस मामले की अगली सुनवाई 12 फरवरी को होगी.

विज्ञापन


इस कानूनी सख्ती के बीच सोशल मीडिया पर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. आईपीएल के पूर्व चेयरमैन और खुद एक भगोड़े ललित मोदी ने विजय माल्या के 70वें जन्मदिन पर लंदन में एक भव्य पार्टी का आयोजन किया. इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में ललित मोदी व्यंग्यात्मक लहजे में खुद को और माल्या को "भारत के सबसे बड़े भगोड़े" के रूप में पेश करते हुए देश का मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं. 


ललित मोदी ने माल्या को "किंग ऑफ गुड टाइम्स" बताते हुए भारत के इंटरनेट पर तहलका मचाने की बात कही, जिसकी देशभर में तीखी आलोचना हो रही है. माल्या 2016 से और ललित मोदी 2010 से देश छोड़कर विदेश में रह रहे हैं और दोनों ही धोखाधड़ी व मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP