निर्वाचन आयोग पर भरोसा नहीं तो LS से इस्तीफा दें- BJP
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से कहा कि अगर उन्हें भारत के निर्वाचन आयोग पर भरोसा नहीं है, तो उन्हें नैतिक आधार पर लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए. बीजेपी ने यह भी मांग की कि कांग्रेस शासित राज्यों कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को भी इस्तीफा देना चाहिए.
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "राहुल गांधी, अगर आप निर्वाचन आयोग और सुप्रीम कोर्ट के अवलोकनों पर भरोसा नहीं करते, तो पहले लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दें. प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी को भी इस्तीफा देना चाहिए."
भाटिया ने राहुल के "वोट चोरी" के दावे को झूठ करार देते हुए कहा कि वह संवैधानिक संस्थानों के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं.
राहुल ने शुक्रवार को बेंगलुरु में 'वोट अधिकार रैली' में कहा था कि उन्होंने संसद में संविधान की शपथ ली है और कर्नाटक सरकार को 2024 के लोकसभा चुनाव में फर्जी मतदाताओं की जांच करनी चाहिए.