शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़ में फैला बर्ड फ्लू

C

CG Khabar

01 फ़र. 2025, 09:41 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बर्ड फ्लू
बर्ड फ्लू

रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक सरकारी पोल्ट्री फार्म में एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद वहां के 5 हजार मुर्गियों, 12 हजार चूजों और लगभग 17 हजार अंडों को नष्ट कर दिया गया है. 

साथ ही पोल्ट्री फार्म को सील कर प्रभावित क्षेत्र के लगभग 10 किलोमीटर दायरे में निगरानी बढ़ा दी गई है. 


रायगढ़ के चक्रधर नगर के सरकार पोल्ट्री फार्म में अचानक कुछ मुर्गियां मृत पाए जाने के बाद उसके नमूने दो दिन पहले भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी) को परीक्षण के लिए भेजे गए थे. जहां जांच में एच-5, एन-1 वायरस यानी बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई. 

इसकी जानकारी शुक्रवार शाम को मिलते ही हड़कंप मच गया. तत्काल रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेय गोयल समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा. 

इसके बाद कलेक्टर ने रात में ही अधिकारियों की अपातकालीन बैठक बुलाई. बैठक में एसपी, सीईओ, नगर निगम आयुक्त समेत पशुपालन विभाग के आलाअधिकारी शामिल हुए. 

बैठक में निर्णय लिया गया कि तत्काल ही प्रभावित पोल्ट्री फार्म की सभी मुर्गियों, चूजों, अंडों सहित उनके लिए रखे गए सभी आहार को नष्ट किया जाए. 


मुर्गियों को मार कर जमीन में दफनाया


इसके बाद रात में ही जेसीबी बुलाकर गड्ढा खुदवाया गया और पोल्ट्री फॉर्म की मुर्गियों, चूजों को मार कर जमीन में दफनाया गया. साथ ही अंडों को भी नष्ट किया गया. 

पोल्ट्री फार्म को संक्रमण मुक्त कराने रात में ही साफ-सफाई कर सेनेटाइज कराया गया. इसके बाद पोल्ट्री फार्म को सील कर दिया गया है. 

साथ ही फार्म के 1 किमी के दायरे को संक्रमित क्षेत्र और 10 किमी के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित किया गया है.

 इसके साथ ही आस-पास के 10 किलोमीटर के दायरे को कुक्कुट, अंडे और कुक्कुट आहार से संबंधित आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. 


सावधानी बरतने की अपील


रायगढ़ स्वास्थ्य विभाग के डॉ. भानु पटेल ने कहा कि बर्ड फ्लू वायरस मुख्य रूप से पक्षियों और जानवरों में फैलता है. 

भारत में मनुष्यों में संक्रमण फैलने का कोई मामला अभी तक सामने नहीं आया है. इसके बाद भी संक्रमण के लक्षणों और खतरों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है. 


उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम पोल्ट्री फार्म के 1 किमी के दायरे में घर-घर जाकर सर्वेक्षण और स्वास्थ्य जांच करेगी ताकि फ्लू के लक्षण वालों का उपचार किया जा सके. 

उन्होंने लोगों से बुखार जैसे लक्षणों के प्रति सतर्क रहने और समय पर इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाने का आग्रह किया है.
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP