विधेयक वास्तव में महिला आरक्षण नहीं परिसीमन बिल था- TMC
कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मुर्शिदाबाद में आयोजित एक विशाल जनसभा में भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन (डेलिमिटेशन) विधेयक को लेकर सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए.
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा लाया गया नया विधेयक वास्तव में महिला आरक्षण के लिए नहीं, बल्कि देश को विभाजित करने के उद्देश्य से लाया गया एक 'परिसीमन बिल' था. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि लोकसभा में इस बिल की हार ने भाजपा की बेचैनी को उजागर कर दिया है.
बनर्जी ने स्पष्ट किया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का कानून 16 अप्रैल 2026 से पहले ही प्रभावी हो चुका है, जिसे सितंबर 2023 में सर्वसम्मति से पारित किया गया था.
उन्होंने केंद्र को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार गंभीर है, तो वह तुरंत एक तिहाई सीटों को अधिसूचित करने के लिए विधेयक लाए.
तृणमूल नेता ने 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन द्वारा 'संविधान 131वां संशोधन विधेयक 2026' को खारिज किए जाने का समर्थन करते हुए कहा कि 2011 की जनगणना के आधार पर सीटों को 850 तक बढ़ाने की कोशिश देश के संतुलन और निष्पक्षता के खिलाफ थी.
उन्होंने दावा किया कि टीएमसी ने केवल बातों में नहीं, बल्कि हकीकत में संसद में 41 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व देकर मिसाल कायम की है.