भूपेश के घर ED: भिलाई से दिल्ली तक हंगामा, कांग्रेस MLA ने बुलाई आपात बैठक
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ED की छापामारी को लेकर भिलाई से दिल्ली तक हंगामा मचा हुआ है. विधानसभा में भी इस मुद्दे पर जम कर हंगामा हुआ.
भिलाई में जहां भूपेश समर्थकों ने उनके घर के बाहर पहुंच कर ED के ख़िलाफ़ जम कर नारेबाजी की है, वहीं दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की आलोचना की.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ट्वीटर पर एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा-आज जब संसद का सत्र शुरू हो रहा है, चारों तरफ़ से घिरी हुई भाजपा ने हैडलाइन बदलने के लिए, देश का ध्यान टैरिफ, गिरती हुई अर्थव्यवस्था, वोटर्स लिस्ट फ्रॉड आदि से भटकाने के लिए आज सुबह से ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, श्री @bhupeshbaghel जी के घर पर ED द्वारा रेड करवा दी. भाजपा को समझ लेना चाहिए कि वह ना कांग्रेस को रोक पाएगी, हमारे किसी भी नेता ना डरे हैं, ना डरेंगे.
पवन खेड़ा ने कहा-"यह एक अस्पष्ट मामले में हो रहा है और कोई नहीं जानता कि ऐसा क्यों हो रहा है. कुछ दिन पहले ही एक अदालत ने भूपेश बघेल के खिलाफ सीबीआई के एक मामले को खारिज कर दिया था, इसलिए उनके खिलाफ कोई मामला नहीं है. फिर भी, ईडी आज उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. यह संभव है कि यह छापेमारी संसद के सत्र की शुरुआत के साथ हो."
खेड़ा ने कहा, ''यह पंजाब में उनकी राजनीतिक गतिविधियां शुरू होने से पहले उन्हें परेशान करने की कोशिश हो सकती है.'' उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा द्वारा की गई ऐसी कार्रवाई, जिसमें ईडी उनके प्रभाव में काम कर रही है, को भुलाया नहीं जाएगा.
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, ''ईडी, सीबीआई और आईटी बीजेपी के फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन की तरह काम करते हैं. भूपेश बघेल को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है और तब रेड हुई है. पंजाब में बीजेपी की हालत खराब है.सात साल से कर रहे थे कुछ निकला नहीं निकला तो अब भी नहीं निकलेगा, रेड का मतलब दोषी नहीं है.''
इधर रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने ईडी की रेड को लेकर जोरदार हंगामा किया. कांग्रेस विधायकों ने सदन में जोरदार नारेबाजी की और गर्भगृह में धरने पर बैठ गए. इस हंगामे के बाद स्पीकर ने विपक्षी विधायकों को निलंबित कर दिया.
इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे पर एक आपात बैठक बुलाई है. नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत के कक्ष में यह बैठक जारी है.
इससे पहले कांग्रेस विधायक उमेश पटेल नें भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि विधानसभा में आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई हो रही है. कोई भी विधायक सदन में प्रश्न उठाता है तो उसके यहां ईडी भेज देते हैं. उन्होंने कहा कि बीते शुक्रवार को भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सवाल उठाए थे और दो दिन बाद उन पर ईडी की कार्रवाई हो गई.
उमेश पटेल ने कहा कि इसी तरह की कार्रवाई कवासी लखमा के खिलाफ भी की गई थी. भाजपा सरकार सदन में सवालों उठाने वालों की जुबान बंद करना चाहती है. कोई भी विधानसभा में प्रश्न उठाएगा उस पर कार्यवाही होगी. भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है लेकिन भाजपा रूपी अंग्रेजों से लड़ाई जारी रहेगी.