बेंगलुरु: पत्नी से तंग पिता ने 2 बेटियों को मारा, खुद का गला काटा
बेंगलुरु । डेस्क: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (KIA) के पास स्थित एक आलीशान फाइव स्टार होटल के कमरे में एक पिता ने अपनी ही दो मासूम बेटियों की गला घोंटकर हत्या कर दी. इस खौफनाक कदम को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने चाकू से अपनी भी गर्दन काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया.
मृतक बच्चियों की पहचान 5 वर्षीय शेख जेहरा और 10 वर्षीय शेख ज़ोया के रूप में हुई है. वहीं आरोपी पिता, 40 वर्षीय एसजी इमरान, को गंभीर हालत में पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. इमरान नागवारा मेन रोड स्थित बिलालनगर का निवासी है और एक निजी कैब कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इमरान रविवार शाम करीब 7:30 बजे होटल की चौथी मंजिल के एक कमरे में दाखिल हुआ था. उसने होटल स्टाफ को बताया था कि देर रात दुबई से उसके एक मेहमान आने वाले हैं, इसलिए वह रुक रहा है और सोमवार सुबह तक चेक-आउट कर देगा.
हालांकि, सोमवार दोपहर तक जब उसने कमरा खाली नहीं किया, तो हाउसकीपिंग स्टाफ ने 12:30 बजे और फिर 4:30 बजे दरवाजा खटखटाया. अंदर से कोई जवाब न मिलने पर शाम 5:30 बजे होटल मैनेजर ने मास्टर की से दरवाजा खोला.
कमरा खोलते ही अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए. दोनों बच्चियां बिस्तर के पास बेसुध और मृत पड़ी थीं, जबकि इमरान सोफे के पास खून से लथपथ पड़ा हुआ था. आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आरोपी ने लिखा कि वह अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंधों से काफी परेशान और आहत था. सुसाइड नोट में उसने दावा किया कि उसके पास पत्नी के इस अफेयर के सबूत हैं और इसी वजह से वह परेशान होकर अपनी बेटियों को भी अपने साथ ले जा रहा है.
उत्तर-पूर्व बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त मिथुन कुमार जी.के. ने बताया कि होटल सुरक्षा मैनेजर की सूचना पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.