बेंगलुरु: भारी बारिश से अस्पताल की दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत
बेंगलुरु । डेस्क: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार शाम हुई भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच एक भीषण हादसा हो गया. यहाँ के शिवाजीनगर स्थित बोरिंग एंड लेडी कर्जन अस्पताल (Bowring and Lady Curzon Hospital) की परिसर की दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में 3 बच्चे और सड़क किनारे सामान बेचने वाले विक्रेता शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब शहर में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हो रही थी. बारिश से बचने के लिए ये लोग अस्पताल की दीवार के पास शरण लिए हुए थे, तभी जर्जर दीवार उन पर गिर गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने स्थानीय निवासियों और अर्थमूवर की मदद से मलबे से शवों को बाहर निकाला. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया.
वहीं, इस त्रासदी को लेकर राजनीति भी गरमा गई है. विपक्षी दल भाजपा ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इस घटना की जिम्मेदारी लेने की मांग की है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से कहा कि राजधानी में पुरानी दीवारों का रखरखाव न होना प्रशासन की विफलता को दर्शाता है.
उन्होंने सरकार से घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जर्जर ढांचों की मरम्मत कराने की मांग की है.