रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दंतेवाड़ा में STF ने बचाई आग से झुलसी महिला की जान

C

CG Khabar

08 मार्च 2026, 03:06 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

मेकशिफ्ट स्ट्रेचर
मेकशिफ्ट स्ट्रेचर

दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक नक्सल विरोधी अभियान पर निकले स्पेशल टास्क फोर्स के जवानों ने सुदूर गांव पुरांगेल में एक गंभीर रूप से झुलसी आदिवासी महिला को नया जीवन दिया. कंपनी कमांडर ओम प्रकाश सेन के नेतृत्व में STF की टीम ने देखा कि महिला करीब 10-15 दिन पहले ठंड से बचने के दौरान दुर्घटनावश आग में गिर गई थी और बिना इलाज के उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई थी.


पुलिस के अनुसार, महिला कमर से ऊपर तक 40% से 50% तक झुलस चुकी थी और समय पर इलाज न मिलने के कारण उसके जख्मों में कीड़े पड़ गए थे. 

विज्ञापन


इलाके में पक्की सड़क न होने के कारण जवानों ने तत्काल एक खाट को स्ट्रेचर बनाया और महिला को अपने कंधों पर उठाकर उबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए हिरोली गांव तक पहुंचाया. 


वहां से पहले से बुलाई गई एंबुलेंस के जरिए उसे किरंदुल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.


विशेष बात यह है कि झुलसी महिला का तीन महीने का एक मासूम बेटा भी है. STF जवानों ने न केवल महिला को अस्पताल पहुंचाया, बल्कि उसके परिवार को राशन और आर्थिक सहायता भी प्रदान की. 


साथ ही अस्पताल प्रशासन से समन्वय कर जच्चा-बच्चा दोनों की उचित देखभाल सुनिश्चित की. 


STF के पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षाबलों का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति बहाल करने के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों का विश्वास जीतना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है. वर्तमान में महिला का इलाज विशेषज्ञों की देखरेख में जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP