गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

रिवर्स वैक्सेटोमी से 23 पूर्व नक्सली जोड़ों को मिला संतान सुख

C

CG Khabar

20 मार्च 2026, 02:42 PM 3 मिनट में पढ़ें 12

नक्सली सरेंडर
नक्सली सरेंडर

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में दशकों से जारी नक्सलवाद के बीच अब मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक खुशहाली की एक नई इबारत लिखी जा रही है. बस्तर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की एक अनूठी पहल 'रिवर्स वैसेक्टोमी' (नसबंदी सुधार सर्जरी) के जरिए उन पूर्व नक्सली दंपतियों के जीवन में खुशियां लौट आई हैं, जिन्हें नक्सल संगठन ने कभी माता-पिता बनने के प्राकृतिक अधिकार से वंचित कर दिया था. 


ताजा आंकड़ों के अनुसार, शासन की पुनर्वास नीति के तहत अब तक 52 पूर्व नक्सली जोड़ों की नसबंदी सुधार सर्जरी कराई जा चुकी है, जिनमें से 23 जोड़ों के घर नन्हे मेहमानों की किलकारियां गूंज उठी हैं.

विज्ञापन


दरअसल, माओवादी संगठन की एक क्रूर सच्चाई यह रही है कि वहां शादी करने वाले कैडर्स पर कड़ा दबाव बनाया जाता था. संगठन के भीतर वैवाहिक जोड़ों को पारिवारिक मोह-माया और बच्चों की जिम्मेदारी से दूर रखने के लिए उनकी जबरन नसबंदी करा दी जाती थी. 


दशकों तक नक्सली कैडर में रहने वाले इन जोड़ों के पास न तो अपनी संपत्ति होती थी और न ही अपना परिवार बढ़ाने का अधिकार. लेकिन जब इन नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता त्यागकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया, तो बस्तर पुलिस प्रशासन ने उनके जीवन के इस सूनेपन को दूर करने का संकल्प लिया.


बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने इस मानवीय पहल पर जानकारी देते हुए बताया कि नक्सल संगठन एक सोची-समझी साजिश के तहत कैडर्स की नसबंदी करा देता था ताकि वे कभी संगठन छोड़कर घर बसाने के बारे में न सोचें. 


आत्मसमर्पण के बाद जब इन जोड़ों ने अपनी व्यथा सुनाई, तो प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों की मदद से 'रिवर्स वैसेक्टोमी' सर्जरी की प्रक्रिया शुरू की. यह केवल एक चिकित्सा प्रक्रिया नहीं है, बल्कि उन हाथों में बंदूक की जगह अपने बच्चे को थामने का एक गरिमामय अवसर है.


आईजी ने आगे बताया कि जिन 52 जोड़ों की सर्जरी हुई, उनमें से 23 जोड़ों को माता-पिता बनने का सुख प्राप्त हो चुका है और वे अब एक सामान्य, सुखी और शांतिपूर्ण पारिवारिक जीवन व्यतीत कर रहे हैं. 


इस सफलता को देखकर हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले अन्य कई नक्सली दंपतियों ने भी नसबंदी खुलवाने की इच्छा जाहिर की है. 23 घरों में गूंजी ये किलकारियां उन लोगों के लिए एक सशक्त संदेश हैं जो अब भी जंगल में भटक रहे हैं. यह बदलाव बस्तर में न केवल शांति और पुनर्वास की नई परिभाषा लिख रहा है, बल्कि सुरक्षा बलों और सरकार के प्रति आम जनता और आत्मसमर्पित नक्सलियों के विश्वास को भी अभूतपूर्व मजबूती दे रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

19 घंटे पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

20 घंटे पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

1 सप्ताह पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

3 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP