बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप से बाहर, स्कॉटलैंड को मिली जगह
नई दिल्ली । डेस्क: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सुरक्षा चिंताओं को लेकर भारत में खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश को आगामी आईसीसी पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया है. बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा.
ICC ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने प्रकाशित कार्यक्रम के अनुसार भारत में अपने ग्रुप मुकाबले खेलने से मना कर दिया था. ICC के अनुसार, स्वतंत्र और आंतरिक सुरक्षा आकलन में भारत में बांग्लादेशी टीम के लिए किसी भी तरह का विश्वसनीय या सत्यापित सुरक्षा खतरा नहीं पाया गया, इसके बावजूद BCB अपने रुख पर अड़ा रहा.
टूर्नामेंट की सह-मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं, लेकिन बांग्लादेश के सभी ग्रुप मुकाबले भारत में निर्धारित थे. बांग्लादेश को 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ उद्घाटन मैच खेलना था, जबकि अन्य दो ग्रुप मैच भी वहीं और अंतिम मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ होना था.
BCB ने 4 जनवरी को ICC से अपने मुकाबले भारत से बाहर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था. यह मांग भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़े राजनीतिक तनाव और भारतीय प्रीमियर लीग (IPL) से तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को हटाए जाने के बाद सामने आई थी.
ICC ने बताया कि तीन सप्ताह से अधिक समय तक BCB के साथ कई दौर की बातचीत, बैठकों और सुरक्षा समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि कार्यक्रम में बदलाव उचित नहीं होगा. ICC ने टूर्नामेंट की निष्पक्षता, समय-सारिणी की पवित्रता और अन्य टीमों के हितों को भी निर्णय का आधार बताया.
BCB को अंतिम फैसला पुनर्विचार करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन तय समय सीमा में पुष्टि न मिलने पर ICC ने नियमों के तहत स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का निर्णय लिया. स्कॉटलैंड इस समय सबसे उच्च रैंकिंग वाली T20I टीम है, जो पहले क्वालिफाई नहीं कर पाई थी.
इस बीच BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा, “हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में नहीं. हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.”
उन्होंने यह भी दावा किया कि बांग्लादेश के बाहर होने से ICC को करीब 20 करोड़ दर्शकों का नुकसान होगा.