बांग्लादेश ने भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा सेवा रोकी
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश ने भारतीय नागरिकों को पर्यटक वीजा (टूरिस्ट वीजा) देना पूरी तरह से बंद कर दिया है. यह फैसला बुधवार से प्रभावी हो गया है और बताया जा रहा है कि बांग्लादेश में भारतीयों की सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए ढाका ने यह कदम उठाया है.
दिल्ली और अगरतला के बाद अब कोलकाता स्थित बांग्लादेश उप-दूतावास ने भी वीजा जारी करना बंद कर दिया है, जिसके बाद अब पूरे भारत में कहीं भी बांग्लादेश जाने के लिए पर्यटक वीजा उपलब्ध नहीं है.
हालांकि, रोजगार (एम्प्लॉयमेंट), बिजनेस और पत्रकारों के लिए वीजा प्रक्रिया अभी भी जारी है क्योंकि इन श्रेणियों में आवेदकों की पूरी जानकारी और सत्यापन प्रक्रिया अधिक सख्त होती है, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित करना आसान होता है.
राजनयिक सूत्रों का कहना है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से बांग्लादेश में जारी अस्थिरता और बढ़ती भारत-विरोधी भावनाओं के कारण पर्यटकों की सुरक्षा का खतरा बना हुआ है.
साथ ही, बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आगामी चुनावों के चलते राजनीतिक माहौल और गरमाने की आशंका है.
इसी सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए चुनाव संपन्न होने और फरवरी के अंत तक भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा सेवाएं बहाल होने की कोई संभावना नहीं दिख रही है. विशेष परिस्थितियों में आम नागरिकों को वीजा देने का अधिकार दूतावास के विवेक पर सुरक्षित रखा गया है.