बांग्लादेश चुनाव: भ्रामक सूचनाओं पर यूनुस चिंतित, UN से मांगी मदद
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश के अंतरिम नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने देश में आगामी चुनावों को लेकर फैल रही 'भ्रामक सूचनाओं' के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने चेतावनी दी कि बड़े पैमाने पर फैलाई जा रही फर्जी खबरें और अफवाहें 12 फरवरी को होने वाले महत्वपूर्ण मतदान को प्रभावित कर सकती हैं.
अगस्त 2024 में शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद यह बांग्लादेश में होने वाला पहला चुनाव है.
यूनुस के कार्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 85 वर्षीय मुख्य सलाहकार ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क के साथ फोन पर बातचीत की.
इस दौरान उन्होंने चुनाव को निशाना बनाकर विदेशी और स्थानीय मीडिया द्वारा फैलाई जा रही 'फेक न्यूज़' पर गहरी चिंता व्यक्त की और संयुक्त राष्ट्र से इस स्थिति से निपटने में सहायता का आग्रह किया. जवाब में, वोल्कर तुर्क ने संयुक्त राष्ट्र की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है.
गौरतलब है कि 12 फरवरी को होने वाले इन चुनावों को यूरोपीय संघ के पर्यवेक्षकों ने "2026 की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया" करार दिया है.
इसी दिन देश में एक महत्वपूर्ण जनमत संग्रह (referendum) भी होगा, जिसका उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच संतुलन बनाना और भविष्य में किसी भी प्रकार के अधिनायकवादी शासन को रोकना है.
मोहम्मद यूनुस, जिन्होंने एक टूटी हुई राजनीतिक व्यवस्था में सुधार का संकल्प लिया है, मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अपने पद से हट जाएंगे.