बांग्लादेश चुनाव: भारत समेत 11 देशों से पर्यवेक्षकों पर जवाब नहीं
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव के लिए अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों को आमंत्रित किया गया है. अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने बताया कि भारत सहित कई देशों से चुनाव पर्यवेक्षक भेजने का अनुरोध किया गया है, लेकिन अब तक 11 देशों की ओर से कोई औपचारिक जवाब नहीं मिला है. इस सूची में भारत भी शामिल है, जिससे यह स्पष्ट नहीं है कि भारत सरकार चुनाव निरीक्षण के लिए अपने प्रतिनिधि भेजेगा या नहीं.
यूनुस के अनुसार, अब तक विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से कुल 330 पर्यवेक्षकों के बांग्लादेश पहुंचने की पुष्टि हो चुकी है और यह संख्या आगे और बढ़ सकती है. भारत के अलावा नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, मिस्र, फ्रांस, कुवैत, मोरक्को, नाइजीरिया और रोमानिया ने भी अभी तक ढाका के आमंत्रण पर प्रतिक्रिया नहीं दी है.
ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक को-ऑपरेशन (OIC) सहित छह अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने 13वें आम चुनाव के लिए 63 पर्यवेक्षक भेजने की जानकारी दी है. इसके अलावा 16 देशों, 32 अलग-अलग संगठनों, यूरोपीय संघ, कॉमनवेल्थ सचिवालय, एशियन नेटवर्क फॉर फ्री इलेक्शन और आठ अमेरिकी संगठनों के प्रतिनिधि भी चुनाव पर नजर रखेंगे.
अंतरिम सरकार के अनुसार, यह संख्या पिछले चुनावों की तुलना में कहीं अधिक है. पिछले तीन चुनावों में क्रमशः 158, 125 और सिर्फ चार अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक मौजूद थे.
बांग्लादेश की 300 सीटों वाली संसद के लिए इस चुनाव में 50 से अधिक दलों के दो हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं. हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग इस चुनाव में हिस्सा नहीं ले रही है, क्योंकि उसकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है.