बलरामपुर: संदिग्ध परिस्थिति देख आपा खोया पति, डंडे के वार से नाबालिग की मौत, पत्नी अस्पताल में
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में दशकर्म कार्यक्रम के दौरान खूनी वारदात; आपत्तिजनक स्थिति में देखकर पति ने डंडे से पीटा, इलाज के दौरान 15 वर्षीय नाबालिग की मौत, महिला की हालत नाजुक.
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डीपाडीह जम्होर में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां लाठी से किए गए हमले में 15 वर्षीय एक नाबालिग की जान चली गई, जबकि एक महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. घटना की शुरुआत 4 नवंबर की सुबह लगभग 10 बजे हुई, जब घर लौटे गृहस्वामी गजेंद्र पैकरा ने अपनी पत्नी और वहां आए नाबालिग को आपत्तिजनक अवस्था में देखा.
इस दृश्य को देखकर आक्रोशित हुए गजेंद्र ने डंडे से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हिंसक वार से दोनों मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े.
दरअसल, मृतक नाबालिग अपनी मां के साथ गजेंद्र पैकरा के आवास पर आयोजित दशकर्म के कार्यक्रम में सम्मिलित होने पहुंचा था.
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को शंकरगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के पश्चात डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बुधवार शाम अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात 15 साल के किशोर की मृत्यु हो गई, जबकि महिला का इलाज अभी भी जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
अस्पताल से सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया है, वहीं अंबिकापुर से मर्ग डायरी संबंधित बलरामपुर पुलिस को प्रेषित की जा रही है.