सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

Air India: एक दिन में सात उड़ानें रद्द

C

CG Khabar

18 जून 2025, 01:51 AM 3 मिनट में पढ़ें 3

Air India
Air India

नई दिल्ली । डेस्क: एयर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी खराबी के बाद एक दिन में सात उड़ानें रद्द करनी पड़ी. एयर इंडिया की उड़ानों में बार-बार तकनीकी समस्यायें सामने आ रही हैं, जिसके चलते कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. केवल मंगलवार को ही एयर इंडिया की सात उड़ानें रद्द हुईं. पिछले हफ्ते अहमदाबाद में हुये एक विमान हादसे के बाद से कंपनी की परेशानियां बढ़ गई हैं.


गौरतलब है कि गत गुरुवार को अहमदाबाद के मेघानिनगर में एक बोइंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 270 लोगों की जान चली गई. इनमें से 241 यात्री उस विमान में सवार थे. इस हादसे की जांच डीजीसीए कर रही है और ब्लैक बॉक्स से प्राप्त जानकारी की समीक्षा की जा रही है. इस दुर्घटना के बाद से एयर इंडिया के विमानों में लगातार समस्यायें देखने को मिल रही हैं. कभी तकनीकी खराबी तो कभी बम की धमकी के कारण उड़ानें रद्द हो रही हैं.

विज्ञापन


प्रमुख घटनायें


हॉन्गकॉन्ग-दिल्ली

सोमवार को हॉन्गकॉन्ग से दोपहर 12:30 बजे एयर इंडिया की उड़ान AI315 ने उड़ान भरी. यह बोइंग 787-8 विमान 22,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसे हॉन्गकॉन्ग हवाई अड्डे पर वापस लौटना पड़ा. एयर इंडिया ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था की.


मुंबई-अहमदाबाद

सोमवार शाम 6:35 बजे मुंबई से अहमदाबाद के लिए उड़ान AI2493 को रवाना होना था, जो रात 7:55 बजे अहमदाबाद पहुंचने वाली थी. हालांकि, चालक दल के कार्य नियमों से संबंधित कुछ बाध्यताओं के कारण पहले उड़ान में देरी हुई और बाद में इसे रद्द कर दिया गया.


दिल्ली-रांची

सोमवार को दिल्ली से रांची जाने वाली एक बोइंग 737मैक्स8 उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर वापस लौटना पड़ा. एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि समस्या की जांच के बाद विमान दोबारा रवाना हुआ.


फुकेत-नई दिल्ली

शुक्रवार को फुकेत से दिल्ली के लिए उड़ान AI379 ने उड़ान भरी, लेकिन कुछ देर बाद उसे थाईलैंड के इस द्वीप पर वापस लौटना पड़ा. विमान के शौचालय से एक धमकी भरा नोट मिला, जिसके बाद 156 यात्रियों को लेकर यह उड़ान फुकेत लौट आई.


दिल्ली-दुबई

मंगलवार को दिल्ली से दुबाई जाने वाली उड़ान AI915 को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया.


दिल्ली-वियना

दिल्ली से वियना के लिये मंगलवार को निर्धारित उड़ान AI153 भी तकनीकी समस्याओं के कारण रद्द हो गई.


दिल्ली-पेरिस

मंगलवार को दिल्ली से पेरिस जाने वाली उड़ान AI143 को भी रद्द करना पड़ा. उड़ान से पहले विमान की तकनीकी जांच के दौरान खराबी पाई गई.


अहमदाबाद-लंदन

गुरुवार के हादसे के बाद मंगलवार को अहमदाबाद से लंदन के लिए पहली उड़ान AI171 (बाद में AI159 नामित) दोपहर 1:10 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन इसे भी रद्द कर दिया गया.


लंदन-अमृतसर

लंदन से अमृतसर के लिए मंगलवार को निर्धारित उड़ान AI170 भी तकनीकी खराबी के कारण रद्द हो गई.


बेंगलुरु-लंदन

बेंगलुरु से लंदन जाने वाली उड़ान AI133 को भी मंगलवार को रद्द करना पड़ा, क्योंकि विमान में तकनीकी खराबी पाई गई.


सैन फ्रांसिस्को-मुंबई

सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जाने वाली उड़ान AI179 मंगलवार रात 12:45 बजे कोलकाता पहुंची. इसे रात 2 बजे मुंबई के लिए रवाना होना था, लेकिन विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को सुबह 5:20 बजे विमान से उतरने के लिये कहा गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP