किन्नर के वेश में फ्लैट में घुसकर एयर होस्टेस से दुष्कर्म
मुंबई । डेस्क: मुंबई के पवई इलाके में एक युवक ने किन्नर का वेश धारण कर एक एयरहोस्टेस के साथ उसी के फ्लैट में कथित तौर पर दुष्कर्म किया. पीड़िता का पति अस्पताल में भर्ती है और आरोपी ने उसके पति को बीमारी से ठीक करने का झांसा दिया था.
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर आरोपी साड़ी पहनकर और माथे पर बिंदी लगाकर खुद को किन्नर दर्शाते हुए हाउसिंग सोसाइटी में दाखिल हुआ. किन्नर का वेश होने के कारण सुरक्षाकर्मी को उस पर शक नहीं हुआ.
आरोपी चौथी मंजिल पर पहुंचा और कई दरवाजे खटखटाने के बाद आखिरकार एयरहोस्टेस के फ्लैट तक पहुंच गया. उस वक्त एयरहोस्टेस घर में अकेली थी.
आरोप है कि आरोपी ने उसके सिर पर पानी में मिला कोई नशीला पदार्थ छिड़क दिया, जिससे वह बेहोश होने लगी और आरोपी ने इस स्थिति का फायदा उठाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. मंगलवार रात पीड़िता ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पवई से कलवा तक के रास्ते में लगे लगभग 100 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और घटना के महज 4 घंटे के भीतर उसे कलवा इलाके की एक झुग्गी से गिरफ्तार कर लिया गया.