शिवसेना और NCP के बाद अब TMC को भी बांटने की साजिश- राहुल गांधी
नई दिल्ली । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न 'जोड़ा फूल' को फ्रीज करने के चुनाव आयोग के फैसले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखा हमला बोला है. आयोग के अंतरिम फैसले की आलोचना करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी मिलकर राजनीतिक दलों को तोड़ने का काम कर रहे हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी बात रखते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पहले शिवसेना, फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टीऔर अब तृणमूल कांग्रेस के साथ भी वही तरीका अपनाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि एक तय पैटर्न के तहत पार्टियों में फूट डाली जाती है और फिर उनका मूल चुनाव चिह्न छीन लिया जाता है. गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि जब पूरी की पूरी राजनीतिक पार्टी ही चोरी हो सकती है, तो देश के करोड़ों नागरिकों के वोट चोरी होना कोई चौंकाने वाली बात नहीं है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी जनादेश और लोकतंत्र की रक्षा करने की है, लेकिन इसके विपरीत आयोग उन ताकतों की मदद कर रहा है जो जनता के फैसले को बदलने में लगी हैं. उन्होंने इस स्थिति को देश में लोकतांत्रिक गिरावट का संकेत बताया.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनावों से पहले चुनाव आयोग ने ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस में दो गुटों के दावों को देखते हुए पार्टी के नाम और प्रतीक चिह्न के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगा दी है. आयोग ने दोनों पक्षों से तीन नए नाम और चुनाव चिह्नों के विकल्प मांगे हैं, ताकि उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी की जा सके.