शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े अभिजीत दिपके
नई दिल्ली । डेस्क: देश में परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और लगातार लीक हो रहे पेपरों के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहा छात्रों का बड़ा प्रदर्शन अब तूल पकड़ता जा रहा है. दिल्ली पुलिस ने इस विरोध प्रदर्शन को जारी रखने के लिए 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) को आगे की अनुमति देने से इनकार कर दिया है.
पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर मौजूद भारी संख्या में छात्रों और अन्य समर्थकों को तुरंत जंतर-मंतर खाली करने के निर्देश दिए हैं.
इसके बावजूद, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक और युवा नेता अभिजीत दिपके अपनी मांग पर अड़े हुए हैं.
उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक वे इस जगह से नहीं हटेंगे. दिपके ने पहले ही समर्थकों से शाम 6 बजे बड़ी संख्या में जुटने की अपील की थी और उन्हें भरोसा था कि पुलिस प्रदर्शन की अवधि बढ़ाने की अनुमति दे देगी.
प्रशासन से गुहार लगाते हुए दिपके ने कहा कि देश भर से आए युवा यहां न्याय की उम्मीद में शांतिपूर्ण तरीके से बैठे हैं. उन्होंने दिल्ली पुलिस से अनुमति बढ़ाने और केंद्र सरकार के साथ बातचीत का जरिया खोलने का अनुरोध किया.
साथ ही, उन्होंने दृढ़ता से कहा कि अगर इस मामले में गिरफ्तारियां होती हैं, तो वे सबसे पहले अपनी गिरफ्तारी देंगे.
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. युवा लगातार सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर तख्तियां लहरा रहे हैं.
दिपके के आह्वान पर प्रदर्शनकारी अपने साथ 'थाली और चम्मच' लेकर पहुंचे हैं, जिन्हें बजाकर वे अनोखे अंदाज में सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं. जंतर-मंतर पर 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे लगातार गूंज रहे हैं और छात्र परीक्षा प्रबंधन में जवाबदेही तय करने की मांग पर अड़े हुए हैं.