मध्य प्रदेश में कुएं में गिरी वैन, 10 की मौत
मंदसौर | डेस्कः मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के बूढ़ा-टकरावत फंटे में रविवार दोपहर को एक वैन कुएं में गिर गई. इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है.
वहीं चार लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मरने वालों में एक बाइक सवार और कुएं में गिरे लोगों को बचाने के लिए उतरा ग्रामीण भी शामिल है.
बताया गया कि वैन सवार नीमच जिले के मनासा क्षेत्र के आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे. इस दौरान वैन एक बाइक से टकरा गई और संतुलन बिगड़ने की वजह से कुएं में गिर गई. बाइक सवार की पहचान आबाखेड़ी निवासी गोबर सिंह के तौर पर हुई है.
हादसे के बाद कुएं में गिरे लोगों को बचाने के लिए मनोहर सिंह नाम का युवक कुएं में उतरा था. वह भी डूब गया. उसका शव अब तक नहीं निकाला जा सका है.
घटना की खबर लगते ही उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं. वहीं कलेक्टर अदिति गर्ग, एसपी अभिषेक आनंद, एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी, एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी भी मौके पर मौजूद हैं.
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया इस हादसे में कुल 13 लोग शामिल थे, जिनमें दो बच्चे भी थे. सभी को अस्पताल पहुंचाया गया है.
गाड़ी बड़ी मुश्किल से बाहर लाई गई है. कुएं में जहरीली गैस के कारण, बचाने गए मनोहर सिंह की भी मौत हुई है. उन्होंने 2-3 लोगों को बाहर निकाला था.
बताया गया कि वैन सवार मृतकों के नाम कन्हैया लाल कीर, नागू सिंह, पवन कीर, धर्मेन्द्र सिंह, आशा बाई, मधु बाई, मांग बाई और राम कुंवर हैं. सभी खोजनखेड़ा जिला रतलाम के निवासी थे.
वहीं बाइक सवार का नाम गोबर सिंह निवासी सीतामऊ जिला मंदसौर है. बचाव के दौरान कुएं में उतरे ग्रामीण का नाम मनोहर सिंह सिंजीत जिला मंदसौर है. वहीं घायलों के नाम माया कीर, प्रियांशी, देवेन्द्र और मुकेश हैं.