HSRP नंबर प्लेटः परिवहन और यातायात विभाग की दोतरफा कार्रवाई
HSRP नंबर प्लेट को लेकर परिवहन और यातायात विभाग की कार्रवाई
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) को लेकर परिवहन विभाग और यातायात विभाग ने दोतरफा कार्रवाई शुरू कर दी है. एक ओर परिवहन विभाग के अधिकारी सड़कों पर जगह-जगह कैंप लगाकर एचएसआरपी नंबर प्लेट लगा रहे हैं.
वहीं ट्रैफिक पुलिस हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों पर सख्ती शुरू कर दी है. संकट ये है कि वाहन मालिक नंबर प्लेट लगवाने के लिए परेशान हैं लेकिन नंबर प्लेट लगाने वाली एजेंसियों के पास इतने संसाधन नहीं हैं कि वह उपभोक्ताओं की मांग पूरी कर सकें.
दूसरी ओर यातायात विभाग की वसूली से नागरिक परेशान हैं. यातायात और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अब तक 111 वाहनों से जुर्माना वसूला है.
पुलिस ने दो और तीन पहिया वाहनों से 1,000 रुपए, चार पहिया वाहनों से 2,000 रुपए और मध्यम व भारी वाहनों से 3,000 रुपए तक जुर्माना वसूला है.
प्रदेश के 40 लाख वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का काम जारी है. अभी भी प्रदेश के आधे से अधिक वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना बाकी है.
इसके लिए परिवहन विभाग लगातार अभियान भी चला रहा है. राजधानी रायपुर में इसके लिए कैंप लगाना भी शुरू कर दिया गया है.
चौक-चौराहों में अभियान चलाकर वाहन स्वामियों को एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
पिछले दो दिनों से परिवहन विभाग द्वारा रायपुर के पचपेढ़ी नाका, टर्निग प्वांइट चौक शंकर नगर और तेलीबांधा चौक में कैंप लगाकर वाहन एसएसआरपी नंबर प्लेट मौके पर बुक किया जा रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि नंबर प्लेट ऑनलाइन बुक करने में किसी तरह की परेशानी ना हो, इसलिए सड़कों में ही कैंप लगाया जा रहा है. पूरी जानकारी लेकर ऑनलाइन नंबर प्लेट के लिए आवेदन करवाया जा रहा है.
बताया गया कि दो दिनों में 350 से ज्यादा वाहन मालिकों की नंबर प्लेट को ऑनलाइन बुक किया है.
परिवहन अधिकारियों ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि जल्द से जल्द हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवा लें, ताकि चालानी कार्रवाई से बच सकें.
ज्ञात हो कि 1 अप्रैल 2019 के पहले पंजीकृत सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए 30 अप्रैल 2025 तक का समय दिया गया था.
लंबे समय से वाहन चालकों को नए हाईटेक नंबर प्लेट लगाने की समझाइश दी जा रही थी.
इसके बावजूद नियमों को नजरअंदाज किया जा रहा था. इसलिए अब रायपुर पुलिस ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है.