पटाखा दुकान में आग, 5 की मौत
रामानुजगंज | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे झारखंड के पटाखे की दुकान में सोमवार को आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई.
घटना स्थल छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज से लगा हुआ है. मृतकों में दो सगे भाई भी हैं, जो रामानुजगंज के स्कूल में पढ़ते थे.
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है.
झारखंड के गोदरमाना में सोमवार को पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई.
कुछ देर में ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान में फैल गई.
आग से बचने के लिए वहां मौजूद लोग दुकान के अंदर वाले कमरे में चले गए.
इस बीच आग की लपटों से दुकान में रखे पटाखे फूटने लगे. जिससे वहां अफरा तफरी मच गई.
पटाखा दुकान से निकला धुआं उस कमरे में भर गया जहां सभी लोग छिपे हुए थे.
उस कमरे में रोशनदान नहीं होने की वजह से दम घुटने और आग में झुलसने से सभी लोगों की मौत हो गई.
हालांकि स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि वे कुछ कर नहीं पाए.
इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची.
आग पर काबू पाने के बाद अंदर कमरे में देखा तो पांच लोग बेहोश पड़े हुए थे.
तत्काल पांचों को इलाज के लिए छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज सीएचसी लाया गया.
जहां जांच के बाद पांचों को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतकों में दुकान संचालक 46 वर्षीय कुश कुमार, 32 वर्षीय अजीत केशरी, 8 साल के आयुष कुमार केसरी, 7 साल के पीयूष केसरी और 14 वर्षीय सुशीला केरकेटा हैं.
पेड़ से टकराई बाइक, 2 की मौत
इधर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बाइक सवार तीन युवक पेड़ से टकरा गए.
इस हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना तमनार थाना क्षेत्र की है.
बिजना गांव निवासी आकाश चौहान, चूड़ामणि मांझी और सुधम चौहान एक ही बाइक पर सवार होकर रविवार की रात मेला देखने रावनगुड़ा गए थे.
देर रात को तीनों वापस घर लौट रहे थे, उसी दौरान टांगरघाट बिजना रोड के पास उनकी बाइक एक पेड़ से टकरा गई.
आकाश चौहान और चूड़ामणि मांझी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. वहीं सुधम चौहान गंभीर रूप से घायल है.
हादसे के बाद रात भर तीनों घटना स्थल पर ही पड़े रहे. सुबह राहगीरों ने तमनार पुलिस को सूचना दी.