गौमांस के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
जशपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गाय की हत्या कर उसका मांस बेचने की तैयारी कर रहे 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से 33 किलो गौमांस, मांस काटने के औजार सहित गौवंश के अवशेष बरामद किए हैं. सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम तिलडेगा की है. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिलडेगा कटंगतराई में कुछ लोग गाय की हत्या कर मांस को बेचने के लिए बंटवारा कर रहे हैं.
सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस ने दबिश दी. मौके पर पुलिस ने पांच लोगों को गौ मांस के साथ पकड़ लिया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33 किलो गौ मांस के साथ गाय का सिर, पूंछ, सींग, चमड़ी और हथियार बरामद किया है.
पुलिस ने बरामद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
आरोपी सूरज प्रकाश केरकेट्टा, प्रकाश लकड़ा, चनेश राम केरकेट्टा, रकबीर लकड़ा और मालिक लकड़ा ने पुलिस को बताया कि वध किया गया गौवंस सूरजा प्रकाश केरकेट्टा का था.
जिसे सभी ने आपसी सहमति से काटा था. मांस को खाने और बेचने के लिए बांटा जा रहा था.
ज्ञात हो कि पिछले सप्ताह जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम पोकपानी में चार आरोपियों को गौ मांस के साथ तपकरा पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
इस मामले में कुल आठ आरोपी हैं जिसमें चार आरोपी अभी भी फरार हैं, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.
तपकरा के बाद अब पत्थलगांव पुलिस ने गौवंश मांस के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.