मतपत्र में प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह बदले
छत्तीसगढ़ में मतपत्र में प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह बदले
कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है.
जिले के करतला विकासखंड के चीता पाली पंचायत और डोकरमना पंचायत में मतपत्रों में प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह बदल गए.
जिसके कारण दोनों जगह काफी हंगामा हुआ और दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा.
बताया गया कि चीता पाली ग्राम पंचायत में सरपंच प्रत्याशी तिलोत्तमा नगेसिया को पहले निर्वाचन अधिकारी द्वारा ताला चाबी छाप आवंटित किया गया था.
उसने इसी चुनाव चिन्ह को लेकर मतदाताओं के पास गए और चुनाव प्रचार-प्रसार किया.
आज जब मतदाता वोट डालने मतदान केन्द्र पहुंचे तो मतपत्र में उसके नाम के सामने दूसरा निशान छपा हुआ था.
जबकि ताला-चाबी किसी और प्रत्याशी के सामने छपा हुआ था. इसकी जानकारी मिलते ही वहां हंगामा हो गया.
सरपंच प्रत्याशी तिलोत्तमा अपने पति और समर्थकों के साथ मतदान केन्द्र पहुंच कर अपने साथ धोखा होने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध किया.
इस गड़बड़ी की जानकारी पीठासीन अधिकारी ने अपने उच्च अधिकारियों को दी.
इसकी सूचना मिलते ही तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.
आनन-फानन में नए मतपत्र की व्यवस्था की गई, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया फिर से शुरू हुई. इस बीच दो घंटे तक मतदाता केन्द्र में ही बैठे रहे.
इसी तरह की गड़बड़ी डोकरमना पंचायत से भी मिली है. यहां दो प्रत्याशियों का चुनाव चिन्ह आपस में बदल गया था.
बताया गया कि यहां के प्रत्याशी धनमती के नाम के आगे धनेश्वरी का चुनाव चिन्ह और धनेश्वरी के नाम के सामने धनमती का चुनाव चिन्ह छपा हुआ आया था.
इसकी जानकारी मिलते ही यहां भी विवाद की स्थिति निर्मित हो गई.
वोट डालने खड़े बुजुर्ग की मौत
इधर छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पंचायत चुनाव में वोट डालने पहुंचे एक बुजुर्ग की मौत हो गई.
बुजुर्ग कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, उसी दौरान वह अचानक गिर गया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
बताया गया कि धमतरी के कोलियारी ग्राम के मतदान क्रमांक 167 में वोट डालने के लिए काफी संख्या में मतदाता कतार में खड़े थे.
वार्ड 15 निवासी मतदाता हिन्छा राम भी लाइन में लगे थे. उसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर गए.
उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. डाक्टरों ने मौत की वजह हार्ट अटैक की आशंका जताई है.
सूरजपुर में मारपीट
इसी तरह सूरजपुर के जयनगर के महाबीरपुर में वोटिंग के दौरान जमकर मारपीट हुई.
यहां के बूथ क्रमांक 7 के दो पंच प्रत्याशियों के समर्थकों में जमकर लात घुसे चले.
जाहिदा खातून के समर्थकों ने फर्जी मतदान के शक में अपने विरोधी प्रत्याशी विनय गुप्ता के साथ विवाद हो गया.
इसे देखकर विनय के समर्थक वहां पहुंच गए. विवाद इतना बढ़ा की दोनों के समर्थकों में मारपीट शुरू हो गई. जिसमें एक व्यक्ति का सिर फूट गया.
दोनों पक्षों ने जयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
शराबी मतदान कर्मी निलंबित
वहीं पेंड्रा में शराब के नशे में धुत्त चुनाव कराने वाले एक मतदान कर्मी को निलंबित कर दिया गया है.
गौरेला के कछापारा नेवसा मतदान केन्द्र क्रमांक 55 में वोटिंग के दौरान सहायक ग्रेड-3 प्रशांत विश्वकर्मा शराब के नशे में थे.
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उसे तत्काल प्रभार से निलंबित कर दिया.
रायगढ़ के कुकुरदा ग्राम पंचायत में दोपहर में ही मत-पत्र खत्म हो गए. आनन-फानन में दोपहर 3 बजे मत पत्र की व्यवस्था की गई.
बताया गया कि वार्ड नंबर 10 में कुल 96 मतदाता हैं, जिनमें से सिर्फ 52 मत पत्र ही उपलब्ध थे.