ग्वालियर में हादसा: कार ने कांवड़ियों को कुचला
भोपाल । डेस्क: ग्वालियर जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार कांवड़ियों की मौत हो गई, जिनमें से तीन एक ही परिवार के थे. इसके अलावा कई अन्य कांवड़िए घायल हो गये.
पुलिस के अनुसार, यह हादसा आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्वालियर-शिवपुरी लिंक रोड के शीतला माता मंदिर गेट के पास रात करीब 1 बजे हुआ.
जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार कार का टायर फटने से चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे पैदल जा रहे कांवड़ियों के समूह से टकरा गई और पलटकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी.
हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. सभी कांवड़िए भदौना से गंगा जल भरकर ग्वालियर के घाटीगांव की सिमरिया पंचायत लौट रहे थे.
पुलिस ने मृतकों की पहचान पुरन बंजारा, रमेश बंजारा, दिनेश बंजारा (सभी रिश्तेदार) और धर्मेंद्र उर्फ छोटू के रूप में की है.
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.