सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग: महिला समेत 9 यात्रियों की मौत

C

CG Khabar

24 सित. 2026, 03:04 AM 2 मिनट में पढ़ें 5

यमुना एक्सप्रेसवे बस में आग
यमुना एक्सप्रेसवे बस में आग

नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली से झांसी के महुआ जा रही एक स्लीपर बस में बुधवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण आग लग गई, जिससे 1 महिला समेत कम से कम 9 यात्रियों की झुलसकर और दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर के माइलस्टोन के पास रात करीब 11 बजे हुआ. बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस कुछ ही मिनटों में जहरीले धुएं से भर गई, जिससे अंदर सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और जान बचाने के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. 

विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही दमकल की 8 से 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.


हादसे में बची यात्री रिंकी राजपूत ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि जब उनकी आंख खुली तो चारों तरफ घना धुआं फैला हुआ था और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. यात्री एक-दूसरे को धक्का देकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे. 


वह अपने जूते और सामान छोड़कर किसी तरह केवल फोन के साथ बाहर निकल पाईं, जबकि पीछे कई लोग फंसे रह गए. वहीं अन्य यात्रियों ने भी बताया कि धुएं के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया था और बहुत कम लोग ही बाहर निकलने में सफल हो सके.


पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस के चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. जेवर पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 


पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में एयर-कंडीशनिंग (AC) सिस्टम में शॉर्ट सर्किट होने को आग की वजह माना जा रहा है. दुर्घटना में हताहत हुए लोगों के शवों को कैलाश अस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित करने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन अब बस की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के पहलुओं की गहनता से जांच कर रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP