ईडी ने रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के परिसरों में तलाशी ली
मुंबई । डेस्क: प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को अनिल अंबानी के नियंत्रण वाली रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और इसके एक पूर्व सड़क ठेकेदार के परिसरों में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन से संबंधित मामले में तलाशी अभियान चलाया. अधिकारियों के अनुसार, यह तलाशी मुंबई और इंदौर में की गई, हालांकि ईडी ने अभी तक जांच के निष्कर्षों का खुलासा नहीं किया है.
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने एक बयान में स्पष्ट किया कि यह तलाशी 15 साल पुराने मामले से संबंधित है.
कंपनी ने बताया, “सन् 2010 में, कंपनी ने जयपुर-रिंगस हाईवे (जेआर टोल रोड) के निर्माण के लिए प्रकाश अस्फाल्टिंग्स एंड टोल हाईवेज को एक ईपीसी अनुबंध सौंपा था. यह एक घरेलू अनुबंध था, जिसमें कोई विदेशी मुद्रा शामिल नहीं थी.”
कंपनी ने आगे कहा, “काम पूरा हो चुका है और पिछले चार वर्षों से यह टोल रोड राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के पास है. कंपनी का उक्त ठेकेदार के साथ कोई मौजूदा संबंध या संपर्क नहीं है.”
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने यह भी जोड़ा कि कंपनी और इसके अधिकारी हमेशा की तरह पूर्ण सहयोग कर रहे हैं. कंपनी ने दावा किया कि इस कार्रवाई का उसके व्यवसाय संचालन, वित्तीय प्रदर्शन, शेयरधारकों, कर्मचारियों या अन्य हितधारकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.