दुर्ग: एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत, सुसाइड नोट बरामद
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मोहन नगर थाना अंतर्गत आर्य नगर इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का लग रहा है, जिसमें माता-पिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, जबकि उनके दो मासूम बच्चों की मौत जहर खाने से होने की आशंका जताई जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीआईजी विजय अग्रवाल समेत पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे.
बंद कमरे के भीतर का नजारा बेहद भयावह था. पति-पत्नी के शव फंदे से लटक रहे थे, वहीं उनके बेटे और बेटी के शव बिस्तर पर बेजान पड़े मिले. साक्ष्यों को सुरक्षित करने और बारीकी से छानबीन के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय गोविंद साहू, उनकी पत्नी चंचल साहू (42 वर्षीय), 13 साल की बेटी दृष्णा और 10 साल के बेटे यशवंत साहू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजहों का जिक्र किया गया है.
प्राथमिक तौर पर इस खौफनाक कदम की वजह पारिवारिक कलह और गहरा मानसिक तनाव माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट को आधार बनाकर और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से तफ्तीश कर रही है. AI Generated Symbolic Photo